गाजीपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के महाराजगंज बाजार में बुधवार देर शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक बवाल हो गया। आरोप है कि मस्जिद के सामने से जुलूस गुजरते समय कुछ स्थानीय युवकों ने तलवार, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में एक श्रद्धालु के हाथ पर तलवार से चोट लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं ने जैसे-तैसे भागकर अपनी जान बचाई। बीच-बचाव में शिवमूर्ति जायसवाल, प्रेम जायसवाल, पप्पू मधेसिया और मदन बिन्द सुरक्षित बचे।
नवयुवक दुर्गा पूजा समिति, महाराजगंज के अध्यक्ष अच्छे लाल गुप्ता ने इस संबंध में कोतवाली थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। शिकायत में किताबुद्दीन उर्फ सोल्जर, जामीर और आमिर पुत्र मुख्तार अहमद समेत कुछ महिलाओं पर भी ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप लगाया गया है। समिति ने यह भी कहा कि इससे पहले भी धार्मिक आयोजनों में झंडा उखाड़ने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं।

सूचना मिलते ही सीओ सिटी और सदर कोतवाल दीनदयाल पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल तहरीर के आधार पर पुलिस एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है।







