
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद में होली का त्योहार नगर क्षेत्र में उत्साहपूर्वक मनाया गया। नवापुरा–यूसुफपुर इलाके में पारंपरिक होली बारात जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और रंगों में सराबोर नजर आए।
जुलूस का नेतृत्व समाजसेवी तेजबहादुर यादव ने किया। होली बारात नवापुरा शिवमंदिर से शुरू होकर नवापुरा मोड़, रेलवे स्टेशन और यूसुफपुर गंज होते हुए पुनः नवापुरा मोड़ पर समाप्त हुई। बारात में घोड़े और गदहे पर सवार बाराती आकर्षण का केंद्र रहे, जो एक-दूसरे पर रंग–गुलाल उड़ाते हुए मस्ती में झूमते नजर आए।
नगर के शाहनिन्दा दुर्गा चौक और रामचबूतरा के पास युवाओं ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया। वहीं यूसुफपुर नटराज कटरा के समीप भी रंग–गुलाल और संगीत की विशेष व्यवस्था रही, जहां सैकड़ों युवाओं ने नाच-गाकर होली का आनंद लिया। कई स्थानों पर युवकों द्वारा पारंपरिक अंदाज में ‘कपड़ा फाड़’ होली भी खेली गई। त्योहार के कारण अधिकांश दुकानें बंद रहीं, हालांकि मछली और मीट की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गई। शराब की दुकानें बंद होने के बावजूद उनके आसपास लोगों की हलचल बनी रही।
होली बारात को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय एवं प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी अपनी पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे।







