बाबा हरदेव मेमोरियल ट्रस्ट के बैनर तले मेडिकल कालेज के चिकित्सकों द्वारा किया गया जांच
गाजीपुर। करंडा क्षेत्र के मेदनीपुर स्थित बीआरडी पब्लिक स्कूल में रविवार को स्वास्थ्य सेवा का अनोखा नजारा देखने को मिला, बाबा हरदेव मेमोरियल ट्रस्ट के बैनर तले महर्षि विश्वामित्र स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गाजीपुर की टीम ने गांव में ही मुफ्त नेत्र शिविर लगाकर सैकड़ों लोगों को राहत दी।
शिविर में करीब करीब 200 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जहां डॉक्टरों ने न सिर्फ दवा दी बल्कि जांच के बाद जरूरतमंदों को चश्मा भी उपलब्ध कराया जाएगा। सबसे बड़ी बात यह रही कि जिन मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि होगी, उनका ऑपरेशन भी मेडिकल कॉलेज में पूरी तरह नि:शुल्क किया जाएगा।
मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. आनन्द कुमार मिश्रा ने साफ कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के कैंप लोगों के लिए जीवन बदलने वाले साबित हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी जरूरतमंद मरीज को इलाज के अभाव में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। कार्यक्रम के सूत्रधार और ट्रस्ट के चेयरमैन, सिविल बार संघ के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट रामयश यादव ने बताया कि इस कैंप के लिए वह जनवरी से प्रयास कर रहे थे। प्राचार्य की व्यस्तता के चलते देरी जरूर हुई, लेकिन आखिरकार अप्रैल में यह बड़ा आयोजन धरातल पर उतर ही गया। उन्होंने कहा कि अपने वादे के मुताबिक प्राचार्य खुद शिविर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की कमान संभाले रहे। शिविर में डॉ. स्नेहा सिंह (असिस्टेंट प्रोफेसर), डॉ. मुकेश सरोज और डॉ. स्नेहा चौबे (जूनियर रेजिडेंट) ने मरीजों की बारीकी से जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया। गांव में इतने बड़े स्तर पर लगे इस स्वास्थ्य शिविर को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा।
इस मौके पर प्रबंधक डाॅ मुकेश यादव, प्रधानाचार्य पूनम यादव,पूर्व जिलाध्यक्ष सपा रामधारी यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राधेश्याम यादव, धरम्मरपुर पूर्व प्रधान भीम यादव, पूर्व प्रधान सुभाष यादव, नागेंद्र यादव, अमरदेव यादव (मास्टर साहब), मीडिया प्रभारी अरूण श्रीवास्तव, सुगंधिता सिंह एवं समस्त बीआरडी पब्लिक स्कूल के स्टाप सहित क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


















