गाजीपुर। तहसील सदर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने राजस्व, पुलिस व अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को निर्देश दिया कि आवश्यक मामलों में मौके पर जाकर जांच कर शिकायतों का निस्तारण किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि समाधान दिवस में मिले प्रार्थना पत्रों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। जिन मामलों में उच्चाधिकारी स्तर से कार्यवाही अपेक्षित हो, उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
समाधान दिवस के दौरान उप जिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, क्षेत्राधिकारी नगर शेखर सेंगर सहित पुलिस व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।










