गाजीपुर। कर्तव्य निभाते हुए सड़क हादसे का शिकार बने गाजीपुर पुलिस के आरक्षी रमन सिंह ने आखिरकार जिंदगी की जंग हार दी। थाना कोतवाली में तैनात आरक्षी रमन सिंह, पुत्र श्री राम नारायण सिंह, मूल निवासी जनपद गोरखपुर, 06/07 अप्रैल 2026 की मध्यरात्रि को थाना बिरनों क्षेत्र में हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद उन्हें तत्काल वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 09 अप्रैल को उनका निधन हो गया। इस दुखद खबर से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा , अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, क्षेत्राधिकारी नगर शेखर सेंगर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर रामकृष्ण तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली महेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम सलामी दी।
एसपी ने राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित कर आरक्षी के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक आवास के लिए रवाना किया ।









