गाजीपुर। शहर कोतवाली पुलिस ने कोडीन कफ सिरप तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली पर पंजीकृत मु0अ0सं0 896/25 से संबंधित अभियुक्त अमित सिंह पुत्र सुभाष सिंह, निवासी झोटना, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर द्वारा मादक द्रव्य कारोबार से अर्जित अवैध आय से खरीदी गई अचल संपत्ति को पुलिस ने कुर्क कर लिया है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त द्वारा नशे के अवैध कारोबार से कमाई गई रकम से अपनी पत्नी अनीता सिंह के नाम पर मौजा जखनियां गोविन्द, परगना शादियाबाद, तहसील जखनियां, जनपद गाजीपुर में अचल संपत्तियां खरीदी गई थीं। उक्त संपत्तियों को SAFEEMA की धारा 68(F) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नियमानुसार अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है।
कुर्क की गई संपत्तियों में आराजी संख्या 0636, रकबा 63.5 वर्ग मीटर व आराजी संख्या 816, रकबा 64 वर्ग मीटर शामिल हैं। इन संपत्तियों की बाजारू दर पर अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गाजीपुर: 60 लाख 35 हजार के कोडिंन कप सिरप की कमाई पर पुलिस का शिकंजा: अभियुक्त की पत्नी के नाम खरीदी जमीन अस्थायी रूप से कुर्क
जरुर पढ़े







