भांवरकोल (गाजीपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 स्थित बढ़नपुरा चट्टी पर दुकानों से निकलने वाले कचरे और खाद्य पदार्थों के वेस्टेज के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे जमा हो रहे कचरे की नियमित सफाई न होने से स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विशेष रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाली कुछ दुकानों से निकलने वाला वेस्टेज खुले में बहाया जा रहा है, जिससे आसपास बदबू का दायरा लगातार बढ़ रहा है। राहगीरों के लिए वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अत्यधिक वेस्टेज निकालने वाली दुकानों, को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए या उनके कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था कराई जाए।
इस संबंध में बढ़नपुरा के सचिव शिवाजी पटेल ने बताया कि मीडिया के माध्यम से मामला उनके संज्ञान में आया है और जल्द ही उचित कदम उठाकर समस्या का समाधान किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र को दुर्गंध और गंदगी से राहत दिलाएगा।
जरुर पढ़े







