गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के अमवां घाट पर गंगा ने रविवार को सुबह करीब 6 बजे तीन युवतियां गंगा में डूब गई थी। वहीं दोपहर साढ़े बारह बजे तक तीनों का शव आपदा मित्रों, स्थानीय गोताखोरों ने निकाल लिया था। रविवार की शाम जब तीनों की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरा इलाका गमगीन हो गया।
गंगा स्नान के दौरान डूबीं तीनों युवतियां थाना क्षेत्र के रामजनपुर निवासी पूनम (19) पुत्री रामबचन यादव, रोली (16) पुत्री राजदेव यादव, और खुशी (12) पुत्री बब्लू यादव के शव जैसे ही घर पहुंचे, पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
चीख-पुकार से गूंज उठा गांव, माताओं की रुदन-भरी आवाजें और बहनों की सिसकियां सुनकर हर आंख नम हो गई। इस दर्दनाक हादसे में चार अन्य युवतियों की जान बचाने वाले मल्लाह बलिराम चौधरी को गांव के लोग गंगा का वीर कहकर सलाम कर रहे हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है। गांव से निकलीं तीनों बेटियों की अर्थियां जब एक साथ घाट की ओर बढ़ीं तो हर किसी की आंख नम थी।








