करण्डा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की छापेमारी, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागे
गाजीपुर। थाना करण्डा पुलिस टीम ने 21 फरवरी को अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सघन अभियान में 59 बंडल कुल वजन 61.170 किलो गांजा, दो वाहन और एक काले रंग का टैबलेट (सैमसंग) बरामद किया। आरोपी वाहन चालक और उनका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा के निर्देशन में और अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ राकेश मिश्रा व क्षेत्राधिकारी नगर शेखर सेंगर के मार्गदर्शन में प्रभारी थाना करण्डा मय स्थानीय पुलिस टीम सोनहरिया पेट्रोल पम्प पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर खास ने सूचना दी कि नन्दगंज से चोचकपुर होते हुए बड़सरा की ओर अवैध गांजा ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस ने चोचकपुर मार्ग पर वाहन पकड़ने की तैयारी की। कुछ समय बाद दो वाहन हुंडई कार सं. UP65DB2306 (स्लेटी) और सफेद स्कॉर्पियो सं.UP50BN0650 तेजी से आते दिखाई दिए। पुलिस को देख दोनों वाहन बड़सरा की ओर मोड़कर भागने लगे। स्कॉर्पियो वाहन बिजली के पोल से टकरा कर गिट्टी में फंस गया। चालक व उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। हुंडई कार अनियंत्रित होकर रुक गई। कार की पिछली सीट और डिग्गी में रखी तीन प्लास्टिक की बोरियों में कुल 59 बंडल गांजा बरामद हुए। कुल वजन 61.170 किग्रा था। साथ ही मौके से एक काले रंग का टैबलेट (सैमसंग) और दोनों वाहन भी कब्जे में लिए गए। थाना करण्डा पर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी थाना उप निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उप निरीक्षक अखिलेश यादव, उप निरीक्षक अरूण पाण्डेय, कांस्टेबल राजेश यादव, कांस्टेबल विवेक कुमार, कांस्टेबल सतरंजन सिंह, कांस्टेबल वैभव यादव, कांस्टेबल विवेक पाण्डेय, कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल सत्येन्द्र दुबे, कांस्टेबल बच्चे लाल यादव थाना करण्डा जनपद गाजीपुर शामिल रहे।
गाजीपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही: 61 किलो गांजा बरामद, दो वाहन व काला टैबलेट कब्जे में, तस्कर फरार
जरुर पढ़े







