गाजीपुर। करंडा मंडल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित कार्यशाला में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का स्पष्ट संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर बूथ स्तर तक पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाना रहा।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 21 अक्टूबर 1951 को जनसंघ की स्थापना हुई और 1980 में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ। उन्होंने बताया कि भाजपा की मूल विचारधारा हिंदुत्व पर आधारित है, जिसे विनायक दामोदर सावरकर ने परिभाषित किया। यह विचार भारत को केवल भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक राष्ट्र के रूप में देखता है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा बेहद मजबूत और कैडर आधारित है, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का वैचारिक व संगठनात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जाता है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का संचालन नितिश दुबे ने किया। मंडल अध्यक्ष राणा सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यशाला में हर्ष सिंह, उमेश दुबे, अमरेश गुप्ता, अवधेश दुबे, हरेंद्र यादव, पवन पांडेय, शशिकांत गिरी, मनचंदा उपाध्याय और अमित चौरसिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










