गाजीपुर। शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला गाजीपुर के कासिमाबाद थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहाँ दो कोचिंग शिक्षकों ने न केवल अपनी शिष्या के विश्वास को तोड़ा, बल्कि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसकी अश्लील तस्वीरें खींचीं और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़िता के परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई, जिसके बाद अब पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर-
मामला कासिमाबाद कोतवाली अंतर्गत एक गांव का है। पीड़िता क्षेत्र के ही एक इंटरमीडिएट कॉलेज में 12^{वीं} की छात्रा है और कॉलेज के पास ही स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाती थी।
विश्वासघात और उत्पीड़न का सिलसिला:
जानकारी के मुताबिक, आरोपी शिक्षक पिछले कुछ समय से छात्रा से उसका मोबाइल नंबर मांग रहे थे। छात्रा द्वारा मना करने पर उन्होंने उसे बहला-फुसलाकर एक पार्टी में बुलाया। पार्टी के दौरान छात्रा को खाद्य पदार्थ में नशीला तत्व मिलाकर खिला दिया गया। जब वह बेसुध हो गई, तो आरोपियों ने उसकी अश्लील तस्वीरें खींच लीं।
फोटो वायरल और ब्लैकमेलिंग:
आरोपियों ने इन तस्वीरों को फेसबुक और विभिन्न सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल कर दिया। इसके बाद वे छात्रा पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाने लगे और इनकार करने पर जान से मारने व शादी न होने देने की धमकी दी।
परिवार को मिली धमकी:
जब छात्रा ने हिम्मत जुटाकर परिजनों को आपबीती बताई, तो आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर खामोश रहने का दबाव बनाया। परिजनों ने न्याय के लिए 10 दिसंबर को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से कासिमाबाद कोतवाली में शिकायत भेजी, लेकिन आरोप है कि थाना अध्यक्ष द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया गया। हार मानकर छात्रा की माँ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा मामले का संज्ञान लेते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई। कासिमाबाद कोतवाली में आरोपियों के विरुद्ध निम्नलिखित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है:
भारतीय न्याय संहिता (BNS): धारा 123, 78, 351(3)
सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) 2008: धारा 67 के अंतर्गत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
गाजीपुर: कलंकित हुआ गुरु-शिष्य का रिश्ता: गाजीपुर में कोचिंग शिक्षकों ने छात्रा की अश्लील फोटो की वायरल, CM की दखल पर मुकदमा दर्ज
जरुर पढ़े







