गाजीपुर। करंडा क्षेत्र के भरकुंडी घाट पर गंगा नदी में युवक का शव उतराया हुआ मिला। उक्त युवक 2 दिनों से घर से लापता था। उसकी लाश नदी में मिलने के बाद हड़कंप मच गया। उसकी शिनाख्त करंडा के बरियां गांव निवासी विपिन यादव 35 पुत्र स्व. हरिनाथ यादव के रूप में हुई। जिसके बाद पुलिस ने शव को पीएम को भेजा। बरियां निवासी विपिन यादव बुधवार की शाम को घर से निकला था लेकिन वापस नहीं आया। जिसके चलते परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन वो नहीं मिला। इस बीच शुक्रवार को तड़के ही भरकुंडी घाट पर गंगा में किसी के शव उतराए होने की सूचना मिली। जिसके बाद उसकी पहचान हुई तो परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के करूण क्रंदन से सभी मर्माहत हो गए। मृतक 4 भाईयों में सबसे छोटा था और अपने पीछे 6 माह की दुधमुंही बच्ची व पत्नी समेत पूरा परिवार छोड़ गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी के सामने सवाल है कि आखिर वो नदी तक कैसे पहुंचा?
जरुर पढ़े