गाजीपुर। अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान के बीच थाना नन्दगंज थाना पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता का लोहा मनवाया है। चोरी की वारदात को अंजाम देकर बेखौफ घूम रहे दो शातिर चोरों को पुलिस ने धर दबोचा और उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
शुक्रवार को उपनिरीक्षक रमेश कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। थाना क्षेत्र के पहलवानपुर पुलिया के पास मुखबिर की पुख्ता सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और पिपरही-बडहरा मार्ग से दो युवकों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि बीते 12 मार्च को नन्दगंज कस्बे में सोहराब बाबा मजार के पास से दिनदहाड़े बाइक चुराई थी। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मंजीत कुमार (19 वर्ष) निवासी कुर्बान सराय और कृष्णा कुमार (22 वर्ष) निवासी सलेमपुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है
जरुर पढ़े







