गाजीपुर। त्योहार की खुशियाँ मातम में बदल गईं। खानपुर थाना क्षेत्र के गदनपुर चट्टी पर मंगलवार की दोपहर उस वक्त हृदयविदारक हादसा हो गया जब स्कूटी और एक खाली ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत में 20 वर्षीय बिपाशा राजभर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में स्कूटी चला रहे आर्यन कुमार और साथ बैठी प्रतिमा राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका बिपाशा राजभर (20) पुत्री संजय राजभर, बहुरा गांव थाना खानपुर की रहने वाली थीं। वह अपनी बुआ के बेटे आर्यन कुमार (21) पुत्र चंद्रशेखर, निवासी कछवन थाना चंदवक, जनपद जौनपुर, और अपनी सहेली प्रतिमा राजभर (20) पुत्री शशिकांत, निवासी गोरख गांव थाना खानपुर, के साथ स्कूटी से निकली थीं। तीनों छठ पूजा के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
अभी वे गदनपुर चट्टी के पास पहुँचे ही थे कि सामने से आ रहे एक खाली ट्रैक्टर से स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बिपाशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं आर्यन और प्रतिमा गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल भेजा। बिपाशा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर में छठ की तैयारी की जगह अब मातम पसरा है।
पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जरुर पढ़े







