एनडीआरएफ और गोताखोरों की तीन दिन की लगातार तलाश के बाद मिली सफलता
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को गंगा नदी में डूबे तीनों नाबालिगों के शव आखिरकार बरामद कर लिए गए। तीनों युवक जनपद के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरगंज निवासी थे, जो अपने रिश्तेदार स्वर्गीय महेंद्र जायसवाल के दाह संस्कार में शामिल होने गाजीपुर आए थे।
दाह संस्कार के बाद तीनों युवक गंगा नदी में स्नान करने गए थे, जहां गहरे पानी में चले जाने से तीनों की डूबकर मौत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे से बहादुरगंज और शहर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी। घटना की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस और राजगंज चौकी इंचार्ज राजेश सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके बाद से गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम लगातार तीन दिनों से नदी में तलाश कर रही थी।
मंगलवार दोपहर लगभग 2 बजे सबसे पहले आदित्य जायसवाल (15 वर्ष) का शव श्मशान घाट के पास मिला। शाम करीब 6 बजे दूसरा शव हिमांशु मद्धेशिया (16 वर्ष) का पोस्ता घाट से बरामद हुआ। तीसरे युवक कुंदन मौर्य (15 वर्ष) का शव दो दिन की लगातार खोज के बाद बुधवार दोपहर लगभग 2 बजे गौसपुर के पास से बरामद किया गया।
राजगंज चौकी इंचार्ज राजेश सिंह ने बताया तीनों शवों को बरामद कर लिया गया है। पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
तीनों नाबालिगों की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में हर ओर शोक और सन्नाटा व्याप्त है ।
जरुर पढ़े







