तीन बदमाश गोलियों से लहूलुहान, छह गिरफ्तार
स्कॉर्पियो–पिकअप, असलहे और 6 गोवंश बरामद
गाजीपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ा शिकंजा कस दिया। स्वाट टीम, थाना जंगीपुर व थाना बिरनो पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरजनपदीय शातिर गौ-तस्करों के गिरोह को मुठभेड़ में धूल चटा दी। ताबड़तोड़ फायरिंग के बीच पुलिस ने तीन अपराधियों को गोली लगने के बाद दबोच लिया, जबकि कुल छह बदमाशों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध असलहा व तस्करी का माल बरामद किया गया। घटना तब शुरू हुई जब बिरनो पुलिस गश्त के दौरान ग्रीनफील्ड रमदोपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार में भागती संदिग्ध पिकअप और स्कॉर्पियो पर नजर पड़ी। जैसे ही थानाध्यक्ष ने पीछा किया, तस्कर पिकअप को गोलियों की तरह भगाते हुए जंगीपुर की ओर दौड़ पड़े।
स्थिति भांपते ही बिरनो पुलिस ने थानाध्यक्ष जंगीपुर व स्वाट टीम को तत्काल सूचना दी। तीनों टीमों ने हाईवे पर शिकंजा कसते हुए बदमाशों का पीछा किया।

रसूलाबाद के पास पुलिस को घिरता देख तस्करों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की बौछार के बीच स्कॉर्पियो और पिकअप को मोड़कर अपराधी फिर बिरनो की तरफ भागे, लेकिन देवकथिया मोड़ के कच्चे रास्ते पर पुलिस ने चारों ओर से रास्ता बंद कर दिया।
घिरते ही बदमाशों ने फिर पुलिस पर सीधी फायरिंग की, लेकिन पुलिस ने अदम्य साहस दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ संतुलित जवाबी फायरिंग की। इस दौरान तीन बदमाश गोली लगने से जमीन पर ढेर हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया और बाकी तीनों को मौके से दबोच लिया। पूरे ऑपरेशन में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और बेखौफ एक्शन से अंतरजनपदीय तस्करों का गिरोह पूरी तरह ध्वस्त हो गया। मुठभेड़ व बरामदगी के संबंध में थाना जंगीपुर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई तेज कर दी गई है।
गिरफ़्तार घायल बदमाश में मो. सुहेल खान, अमास–गया (घायल), शशिकांत राणा, धीना–चंदौली (घायल), रंजीत कुमार, बक्सा–जौनपुर (घायल), युवराज कुमार, बक्सा–जौनपुर (गिरफ्तार), अजीत यादव, प्रतापगढ़ (गिरफ्तार), सर्वेश यादव, प्रतापगढ़ (गिरफ्तार) है।
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से तीन अवैध तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक पिकअप वाहन, एक स्कॉर्पियो, 6 राशि गोवंश बरामद हुआ ।
पुलिस मुठभेड़ में शामिल टीम स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा मय टीम, थानाध्यक्ष बिरनो बालेंद्र कुमार मय टीम, थानाध्यक्ष जंगीपुर अतुल मिश्रा मय टीम शामिल रहे।









