गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी सुनीता देवी ने फोन खरीदने के नाम पर 69 हजार रुपये की ठगी किए जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़िता सुनीता देवी ने तहरीर में बताया कि उनका बेटा शिवम मोबाइल फोन पर इंस्टाग्राम में वीडियो देख रहा था। इसी दौरान एक वीडियो में महंगे मोबाइल को सस्ते दाम पर खरीदने का लिंक आया, जिसमें एक व्हाट्सएप नंबर भी दिया गया था। लिंक पर संपर्क करने पर मोबाइल की कीमत 4100 रुपये और बुकिंग चार्ज 100 रुपये बताया गया।
बुकिंग के नाम पर शिवम ने 50 रुपये भेज दिए, जिसके बाद सामने वाले ने फोन बुक होने की जानकारी दी। कुछ देर बाद ठग ने बताया कि बिना जीएसटी और रजिस्ट्रेशन के फोन नहीं भेजा जा सकता। इसके लिए जीएसटी के करीब 20 हजार रुपये और रजिस्ट्रेशन शुल्क के रूप में 14,948 रुपये मांगे गए। भुगतान के लिए आरोपी ने क्यूआर कोड भी भेज दिया। इसके बाद शिवम ने कुल 68,991 रुपये भेज दिए। पैसे मिलने के बाद ठग ने एक कोरियर नंबर दिया। जब कोरियर कंपनी से संपर्क किया गया तो बताया गया कि जीएसटी बिल क्लियर नहीं हुआ है, जैसे ही क्लियर होगा फोन भेज दिया जाएगा। आरोपी तीन दिन तक इसी तरह आश्वासन देता रहा, लेकिन अब उसका मोबाइल बंद है और संपर्क नहीं हो पा रहा है।
इस संबंध में सादात थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की छानबीन की जा रही है।
जरुर पढ़े







