गाजीपुर। जिले के विकास खंड करण्डा के सभागार में उपनिदेशक पंचायत वाराणसी मंडल, वाराणसी के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायतों के स्वयं के आय स्रोतों के सुदृढ़ीकरण को लेकर समस्त ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों का दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी शुवेदिता सिंह, जयप्रकाश पांडेय, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सुनील सिंह, वरिष्ठ फैकल्टी सह प्रबंधक डीपीआरसी चंदौली एवं पंचायत सचिवों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी शुवेदिता सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं के आय स्रोतों में वृद्धि अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए पंचायत सचिवालय से दी जाने वाली सेवाओं का विस्तार किया जाए। मरम्मत के अभाव में पड़े पंचायत भवनों की मरम्मत कर उन्हें किराये पर देना, साप्ताहिक मेले एवं हाट-बाजार का आयोजन, तालाबों का पट्टा, तथा स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से पंचायत की आय बढ़ाई जा सकती है।
प्रशिक्षण सत्रों में मंडल से आए प्रशिक्षित प्रशिक्षक शशि कुमार एवं कल्पना ने प्रतिभागियों को ग्राम पंचायतों की आय वृद्धि, संसाधन प्रबंधन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में विकास खंड करण्डा के सभी ग्राम पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक उपस्थित रहे।
गाजीपुर: करण्डा ब्लॉक में ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने को लेकर दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण, आत्मनिर्भर पंचायत पर जोर
जरुर पढ़े







