गाजीपुर। जिले के नंदगंज थाना में सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा द्वारा वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर का भ्रमण करते हुए कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कम्प्यूटर कक्ष, मिशन शक्ति कार्यालय और साइबर सेल का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की जांच करते हुए उन्हें अद्यावधिक रखने और सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए। थाना परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। साइबर सेल और महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान एसपी ने साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया। महिला हेल्प डेस्क पर आए प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए महिला पुलिस कर्मियों को फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार और त्वरित, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपनिरीक्षकों को शस्त्र अभ्यास भी कराया गया, वहीं थाना परिसर में कार्यरत चौकीदारों को वर्दी वितरित की गई। एसपी ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
अंत में उन्होंने थाना क्षेत्र में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थानाध्यक्ष सहित समस्त पुलिसकर्मियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।











