गाजीपुर । विकास कार्यों में लापरवाही, वित्तीय अनियमितता और सरकारी नियमों की अनदेखी के आरोप में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ग्राम सचिवों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सैदपुर और देवकली विकास खंड में तैनात सचिवों पर लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई। सीडीओ के अनुसार सैदपुर ब्लॉक के अश्वनी सिंह और निशा यादव तथा देवकली ब्लॉक के शिवराज यादव के खिलाफ ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही थीं। इन शिकायतों में विकास कार्यों में धांधली, जीएसटी और टीडीएस की कटौती में अनियमितता तथा फार्मर रजिस्ट्री में सहयोग न करने जैसे गंभीर आरोप शामिल थे।
मामले की जांच कराई गई, जिसमें सभी आरोप सही पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों ग्राम सचिवों को निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है, ताकि आगे की जांच निष्पक्ष रूप से पूरी की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जरुर पढ़े







