
गाजीपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पाकड़पुर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक ही परिवार के 5 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं, जिनके सिर फट गए और वे लहूलुहान हो गईं। पीड़ित राजनरायन यादव ने तहरीर देते हुए बताया कि विवादित भूमि को लेकर मामला एएसडीओ गाजीपुर एवं सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय द्वारा 22 जनवरी 2025 को यथास्थिति बनाए रखने का आदेश भी दिया गया था। आरोप है कि इसके बावजूद विपक्षी पक्ष ने 16 दिसंबर की सुबह अवैध असलहे, धारदार हथियार व लाठी-डंडों के साथ संगठित होकर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान महिलाओं से छेड़छाड़ का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में पहले से प्राथमिकी दर्ज है और विधिक कार्रवाई जारी है।









