गाजीपुर। शादियाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हंसराजपुर के प्रधान एवं मनिहारी ब्लॉक प्रधान संघ के उपाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र कुमार गुप्ता उर्फ बबलू की तहरीर पर शादियाबाद पुलिस ने जातिसूचक शब्दों के प्रयोग, अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित प्रधान के अनुसार, घटना की शुरुआत 19 जनवरी को हुई, जब वह पास के गांव बभनौली में दो पक्षों सिन्धु गुप्ता और अनिता राजभर के बीच चल रहे जमीनी विवाद में मध्यस्थता के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि उसी दौरान वहां मौजूद अंकित राजभर उर्फ लकी ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया था। आरोप है कि 10 से 16 फरवरी के बीच बरहट निवासी अरविन्द सिंह उर्फ बबलू ने अपने फेसबुक अकाउंट ‘ARVIND SINGH’ से उक्त वीडियो को सार्वजनिक रूप से पोस्ट कर दिया। पोस्ट में प्रधान के खिलाफ अपमानजनक और धमकी भरे शब्दों का प्रयोग किया गया। प्रधान का कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में अरविन्द सिंह से बात की, तो उसने दोबारा जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जरुर पढ़े







