गाजीपुर। जिले के थाना मुहम्मदाबाद क्षेत्र में होली एवं अन्य त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सुधाकर पाण्डेय ने 5 मार्च को परंपरागत रूप से निकाले जाने वाले विशाल जुलूस का पुलिस बल के साथ घुड़सवारी निरीक्षण किया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी ने मुख्य बाजारों, तंग गलियों और मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने जुलूस मार्गों पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुनिश्चित किया कि कोई भी अप्रिय घटना न हो।
गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी ने स्थानीय व्यापारियों और आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया और अपील की कि त्योहार को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की भी हिदायत दी।
साथ ही पुलिस ने अराजक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि हुड़दंग मचाने, जबरन रंग लगाने या शांति भंग करने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस प्रकार की हरकत करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक मुहम्मदाबाद, मय पुलिस बल, पीएसी टीम और अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।










