गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को तहसील जखनियां का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण, राजस्व कार्यों की प्रगति एवं आमजन को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी कक्ष, अभिलेखागार, लेखपाल कक्ष, न्यायालय कक्ष, रिकार्ड रूम, जनसुनवाई काउंटर एवं अन्य पटलों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने 05 वर्ष से लंबित प्रकरणों की जानकारी ली तथा उन्हे यथाशीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को सुनकर उपजिलाधिकारी जखनियां को यथाशीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने तहसील दिवस से संबंधित शिकायत रजिस्टर का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा राजस्व से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। जिलाधिकरी ने उपजिलाधिकारी जखनियां को शौचालय, पानी, साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जखनियां, तहसीलदार जखनियां, नायब तहसीलदार जखनियां एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।








