हड़ताल से ठप रहेंगे पंचायत के कामकाज
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय आवाहन पर शुक्रवार को विकास खंड करंडा में ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरी। अपनी विभिन्न समस्याओं और पिछले सात माह से मानदेय न मिलने व पिछले डेढ़ वर्षों से इपीएफ का पैसा बकाया एवं लंबित मांगों के समाधान हेतु ब्लाक के समस्त रोजगार सेवकों ने 17 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक कलमबंद हड़ताल का ऐलान कर दिया है। इस दौरान विकास खंड परिसर में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए रोजगार सेवकों ने ब्लाक अध्यक्ष शशिकांत गिरि के नेतृत्व में खंड विकास अधिकारी शुवेदिता सिंह को एक लिखित ज्ञापन सौंपते हुए कार्य बहिष्कार का अपना विरोध दर्ज कराया।
इस मौके पर रामनवल कुशवाहा, सुनील कुमार, कुंवर प्रजापति, वृजमोहन राम, शुमन श्रीवास्तव, माधुरी देवी, गीता देवी, विनीत कुमार दूबे, सन्नी यादव, रामबदन यादव, अरूणिमा सिंह, शीला यादव, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।












